IND vs BAN: राजकोट टी20 में हार के बाद बोले महमुदुल्लाह, बल्लेबाज नहीं बना पाए बड़ा स्कोर

Date:

राजकोट: बांग्लादेश के कप्तान महमुदुल्लाह ने भारत के खिलाफ दूसरे T20 अंतरराष्ट्रीय मैच में हार के लिए मध्यक्रम के बल्लेबाजों को दोष देते हुए कहा कि उनके बल्लेबाज लय बरकरार रखने में विफल रहे। भारत की स्पिन जोड़ी युजवेंद्र चहल और वॉशिंगटन सुंदर ने बीच के ओवरों में रन गति पर अंकुश लगाकर बांग्लादेश को अच्छी शुरुआत का फायदा नहीं उठाने दिया। बांग्लादेशी टीम पहले बल्लेबाजी करते हुए छह विकेट पर 153 रन ही बना पाई। भारत ने 15.4 ओवर में ही लक्ष्य हासिल कर लिया।

महमुदुल्लाह ने मैच के बाद कहा, ‘मुझे नहीं लगता कि हमें बहुत बदलाव की जरूरत है लेकिन कुछ विभाग हैं, विशेषकर बल्लेबाजी में, जिनमें सुधार की जरूरत है। हम लय बरकरार नहीं रखे पाए। हमें 170 रन का स्कोर बनाना चाहिए था। हमने 12 ओवर के बाद 102-103 रन बनाए थे इसलिए हमें 170-180 रन तक पहुंचना चाहिए था। बीच के ओवरों में विकेट गंवाने का खामियाजा भुगता, इस पर गौर करने की जरूरत है। सलामी बल्लेबाजों ने हमें बहुत अच्छी शुरुआत दिलाई थी और इस विकेट पर 180 रन का स्कोर बन सकता था। विकेट बल्लेबाजी के लिए बहुत अच्छा था।’

बांग्लादेशी कप्तान ने कहा, ‘हमें खेल की लय को समझने की जरूरत थी। हमें एक निश्चित समय में मिलने वाली चुनौती को समझना चाहिए था लेकिन हम ऐसा नहीं कर पाए और बड़ा स्कोर नहीं बना सके।’ महमुदुल्लाह ने हार के लिए बल्लेबाजों को दोषी ठहराया जो बल्लेबाजी के लिए अनुकूल विकेट पर बड़ा स्कोर नहीं बना पाए। उन्होंने कहा, ‘अगर T20 में आप 40 से अधिक गेंदे खाली छोड़ते हो तो आपकी जीत की संभावना कम हो जाती है। हमने 38 गेंदों पर रन नहीं बनाए। इसमें सुधार करना होगा। हमारे बल्लेबाजों को अधिक जिम्मेदारी लेनी होगी। हमारा लक्ष्य बड़ा स्कोर बनाना था लेकिन हम ऐसा नहीं कर पाए। यह हमारे बल्लेबाजों की नाकामी थी।’

भारतीय कप्तान रोहित शर्मा ने 43 गेंदों पर 85 रन बनाकर मैच को एकतरफा कर दिया था। इससे भारत ने आठ विकेट से जीत दर्ज करके तीन मैचों की सीरीज 1-1 से बराबर कराई। महमुदुल्लाह ने कहा, ‘जब रोहित अपनी लय में होते हैं तो उन्हें रोकना मुश्किल होता है लेकिन अगर हमने 175 से अधिक का स्कोर बनाया होता तो हमारी जीत की संभावना रहती।’

Abhijit
Abhijit
I do marketing and I have 3 passions: People, Travel and Social Media. I try to make articles more practical, full of great advice, inspiring ideas. I'm likely geeking out over, films, technology, sports, politics.

Share post:

Subscribe

Popular

More like this
Related